मंगरोप@मुकेश खटीक।हमीरगढ़ थाना क्षेत्र की ब्रह्म निवास कॉलोनी में बुधवार रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया।पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसे जबरन गर्भपात की गोलियां खिला दीं। इससे महिला का मौके पर ही गर्भपात हो गया।गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया।मामले के अनुसार उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला हाल ब्रह्म निवास कॉलोनी निवासी रोली देवी (41) पत्नी गोपी सिंह राजपूत की गुरुवार को महात्मा गांधी चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई।मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई है।बताया जा रहा है कि यह उसकी दूसरी शादी थी।आरोपी पति गोपी सिंह राजपूत बीएसएल फैक्ट्री में मजदूरी करता है।
अवैध संबंधों के शक में होता था विवाद
पड़ोसियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे।आरोपी पति को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था।बुधवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में उसे जबरन गर्भपात की गोलियां दे दीं।बताया जा रहा है कि गोलियां खाने के बाद महिला का अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया,लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव बताया जा रहा है।हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
14 साल की बेटी बनी मां पर अत्याचार की गवाह
घटना के समय घर में मौजूद मृतका की 14 वर्षीय बेटी अंकिता समेत चारों बच्चे भयभीत हो गए। बताया जा रहा है कि बच्चों के सामने ही आरोपी पिता उनकी मां को पीटता रहा। घटना के बाद से बच्चे सदमे में हैं और अब तक उस खौफनाक मंजर को भूल नहीं पा रहे हैं।
बेटी के बयान पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।मृतका की बेटी अंकिता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता गोपी सिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
कॉलोनी में पसरा मातम
घटना के बाद ब्रह्म निवास कॉलोनी में शोक और आक्रोश का माहौल है।पड़ोसियों का कहना है कि यदि समय रहते पारिवारिक विवाद को सुलझाया जाता तो शायद एक महिला की जान बच सकती थी।वहीं चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।मृतका के पीहर उत्तर प्रदेश स्थित गांव में घटना की सूचना दी गई है।
