सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने 22 असामाजिक तत्वों को किया गिरफ्तार
बूंदी- स्मार्ट हलचल|पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन में जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चलाये जा रहे विशेष डिकॉय ऑपरेशन के क्रम में आज भी जिले में विभिन्न थाना क्षैत्रो में 22 असामाजिक तत्वो को गिरफ्तार किया गया ।इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं के साथ छेड़छाड़, अश्लील फब्तियां कसने तथा अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्यवाही करना था।
सादा वर्दी में रणनीतिक तैनाती, चुपचाप निगरानीः-अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बून्दी श्री संजय सिंह चम्पावत एवं श्री जसवीर मीणा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान सेल) द्वारा किया गया।
पूरे ऑपरेशन के लिए पुलिस द्वारा विशेष रणनीति तैयार की गई, जिसके तहत—महिला पुलिस अधिकारियों कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, नैनवां, दबलाना, हिण्डोली, इन्द्रगढ़ व गेण्डोली थानों की महिला पुलिस टीमों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर जिले के विभिन्न थाना क्षैत्रों में सक्रिय निगरानी के लिए सिविल ड्रेस (सादा वर्दी) में तैनात किया गया। टीमों ने आम नागरिकों के बीच रहकर पूरी गोपनीयता के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी, जिससे असामाजिक तत्वों को पुलिस की उपस्थिति का कोई आभास नहीं हो सका।
धरपकड़ से मचा हड़कंप, 22 असामाजित तत्व हिरासत मेंः- जैसे ही सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने सार्वजनिक स्थलों पर मनचलों की हरकतें देखीं, उन्हें तुरंत मौके पर ही दबोच लिया गया। कोतवाली थाना क्षैत्र में – 7, सदर में -5, नैनवां में-6, व दबलाना, हिण्डोली, इन्द्रगढ़ ,गेण्डोली में 1-1 कार्यवाही कुल- 22 असामाजिक तत्वों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया। इस सख्त कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस प्रकार के डिकॉय ऑपरेशन आगे भी समय-समय पर अचानक चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को भयमुक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
