15 हजार का इनामी बजरी माफिया मांगीलाल गिरफ्तार: सुभाषनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास सहित 7 मामले हैं दर्ज

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिले की सुभाषनगर थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के मामले में वांछित चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है, जिस पर जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे 7 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

अवैध खनन के मामले में था वांटेड

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले भर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 33/2026 (अवैध बजरी खनन एवं परिवहन – बीएनएस व एमएमआरडी एक्ट) में आरोपी मांगीलाल पुत्र नारायण जाट (निवासी आरजीया जाटो का खेड़ा, थाना मांडल) लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 15,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

विशेष टीम ने किया डिटेन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस मल और वृताधिकारी (सदर) हरजीराम के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास कर इस इनामी बदमाश को पकड़ा। इस कार्रवाई में थानाधिकारी के अलावा एएसआई इस्लाम मोहम्मद, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल अमर सिंह का अहम योगदान रहा।

क्रिमिनल रिकॉर्ड: दर्ज हैं 7 गंभीर मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया है कि मांगीलाल एक आदतन और शातिर अपराधी है। उसकी क्राइम कुंडली में कुल 7 गंभीर मामले दर्ज हैं:

  • मांडल, सदर, बड़लियास, बनेड़ा और पुर थानों में मामले दर्ज हैं।
  • अपराधों में हत्या का प्रयास (307), अपहरण (365), अवैध हथियार रखना (आर्म्स एक्ट), दंगा, अवैध खनन और एससी/एसटी एक्ट शामिल हैं।
  • सभी सातों मामलों में न्यायालय में ट्रायल जारी है।

फिलहाल पुलिस आरोपी मांगीलाल से बजरी खनन के सिंडिकेट और अन्य फरार साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।