भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिला साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट और आईपीओ (IPO) में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम (हरियाणा) निवासी एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में बैंक कर्मचारी रह चुका है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के बैंक खातों में मौजूद ठगी की रकम से भी अधिक यानी 28,49,892 रुपये की राशि को तत्काल फ्रीज करवा दिया है।
व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ऐप के जरिए बिछाया जाल
साइबर थानाधिकारी आयुष श्रोत्रिय (आई.पी.एस. प्रो.) के सुपरविजन में दर्ज मामले के अनुसार, भीलवाड़ा निवासी एक पीड़ित को आरोपियों ने खुद को सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड बताते हुए ‘कोटक सिक्योरिटीज प्राइवेट मार्केट ट्रेडिंग’ से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़ा था। इसके बाद आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर उसका विश्वास जीता गया।
ठगों ने पीड़ित को ‘KOTAK APP’ और ‘KOTAK PRO APP’ नाम से फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई। इसके बाद मानसिक दबाव बनाकर 25 फरवरी से 30 मार्च 2026 के बीच पीड़ित और उसके परिवार के बैंक खातों से कुल 26,98,000 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में पीड़ित की बिना सहमति के ‘EMIAC TECHNOLOGIES LTD’ के शेयर आवंटित दिखाकर और रुपयों की मांग की जाने लगी, जिसके बाद पीड़ित ने मामला दर्ज करवाया।
तकनीकी अनुसंधान से गुरुग्राम से दबोचा आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम के प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामशरण ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को ट्रैक किया। पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम में दबिश देकर आरोपी आदित्य कुमार (21) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में बैंक कर्मचारी रह चुका है, जिससे उसे बैंकिंग सिस्टम की पूरी समझ थी।
गिरफ्तार आरोपी:
आदित्य कुमार पिता सूरज कुमार (उम्र 21 वर्ष): निवासी शीतला कॉलोनी (ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के पास), गुरुग्राम, हरियाणा। हाल मुकाम: अशोक विहार, फेस-3, गुरुग्राम, हरियाणा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
- श्री रामशरण (पुलिस निरीक्षक, साइबर थाना भीलवाड़ा)
- श्री बाबूलाल (कांस्टेबल 504, साइबर थाना भीलवाड़ा)
- श्री प्रभुराम (कांस्टेबल 571, साइबर थाना भीलवाड़ा)
