कार्य कराने पर बिजली विभाग हरकत में, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|स्मार्ट हलचल में प्रकाशित खबर के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया है। बिना सुरक्षा उपकरणों के विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य कर रही एफआरटी टीम की खबर को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदार के साथ बैठक आयोजित कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में सभी कर्मचारियों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड ग्लव्स सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और उनका उपयोग अनिवार्य रूप से कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि स्मार्ट हलचल ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर जहाजपुर क्षेत्र में एफआरटी टीम के कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ हो रही गंभीर लापरवाही को उजागर किया था। खबर में एक कर्मचारी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचे बिजली पोल पर चढ़कर कार्य करता दिखाई दिया था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। स्थानीय नागरिकों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि मीडिया की सजगता से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल हुई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले ठेकेदारों और संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।