रायला (भीलवाड़ा)।स्मार्ट हलचल|जिले की रायला थाना पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है, जिस पर 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़ा गया आरोपी जिम्मी उर्फ दीपक महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में चोरी और नकबजनी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसे डूंगरपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर रायला के बंशी विहार में हुई चोरी का पर्दाफाश किया है।
दिनदहाड़े की थी लाखों की चोरी
रायला थानाधिकारी मूल चंद वर्मा ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को बापूनगर (रायला) स्थित 24 बंशी विहार कॉलोनी निवासी अनिल कुमार जाट ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, शाम 5:00 बजे से 6:15 बजे के बीच मात्र सवा घंटे के भीतर अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर 67,000 रुपये नकद, सोने का मांग टीका, सोने की 2 अंगूठियां, और बच्चों की चांदी की पायल व कड़े पार कर लिए थे।
दिल्ली-मुंबई हाइवे पर बाइक से करता था सफर
पुलिस पूछताछ में इस शातिर चोर की वारदात का तरीका (Modus Operandi) बेहद चौंकाने वाला सामने आया। आरोपी जिम्मी मोटरसाइकिल पर दिल्ली से मुंबई और मुंबई से दिल्ली तक की लंबी यात्राएं करता था। इस सफर के दौरान हाइवे पर आने वाले शहरों और गांवों में वह बंद मकानों की रैकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी करता था। चोरी से मिले पैसे और जेवरात वह महंगे शौक, मौज-मस्ती और नशे में उड़ा देता था।
क्राइम कुंडली: 4 राज्यों में 60 मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार आरोपी जिम्मी उर्फ दीपक (32) पुत्र बिपिन शर्मा मूल रूप से महाराष्ट्र के नंदूरबार का रहने वाला है और वहां का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जिम्मी के खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के कुल 60 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देशन में गठित इस विशेष पुलिस टीम में थानाधिकारी मूल चंद वर्मा, एएसआई रघुनाथ लाल, कांस्टेबल श्याम सुन्दर और कांस्टेबल घासी लाल ने इस शातिर अपराधी को दबोचने में अहम भूमिका निभाई।
