देव दर्शन से लौटते वक्त उजड़ गया परिवार — छह बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही
नीरज मीणा
महवा। स्मार्ट हलचल/क्षेत्र के पिपलखेड़ा के पास शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में भण्डपुरा गढ़ हिम्मत सिंह निवासी पूरण चन्द सैनी पुत्र धनीराम सैनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नारंगी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार पूरण सैनी अपनी पत्नी के साथ सिकंदरा स्थित देव मंदिर से दर्शन कर बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलखेड़ा के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरण सैनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों को तुरंत महवा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूरण सैनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी नारंगी देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पूरण सैनी अपने पीछे छह बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार का इकलौता सहारा छिन जाने से घर में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
