राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के चुनाव सम्पन्न, चैन सिंह राठौड़ लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित

कोटा। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के वर्ष 2026-2030 कार्यकाल हेतु प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं पूर्ण लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया संघ के पंजीकृत उपविधियों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई। प्रदेशभर से आए 21 जिला संघों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति एवं निर्विरोध निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लिया। कार्यकारिणी के कुल 19 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट रामगोपाल शर्मा की देखरेख में सम्पन्न चुनाव में जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर ओ. पी. रणौत, राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि सी. पी. जोशी तथा राजस्थान राज्य खेल परिषद के प्रतिनिधि वाई. बी. सिंह उपस्थित रहे।

चुनाव में चैन सिंह राठौड़ को लगातार तीसरी बार आगामी चार वर्षों के लिए अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। निर्वाचन के बाद राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में जिम्नास्टिक्स खेल के विस्तार के लिए प्रत्येक जिले में 19 से 34 इकाइयों के गठन एवं खेल गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिम्नास्टिक्स बहुआयामी खेल है, जिससे बच्चों और युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास को व्यापक लाभ मिलता है तथा इससे कई अन्य खेलों की आधारभूमि भी तैयार होती है।

उपाध्यक्ष पद पर विक्रम सिंह भाटी, हिम्मत सिंह चौहान, अनुराग आर्या एवं कैलाश चन्द्र मुंद्रा निर्वाचित हुए। मानद सचिव पद पर परमेश्वर प्रजापत तथा कोषाध्यक्ष पद पर युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं वरिष्ठ खेल प्रशासक सीए सुदीश कुमार शर्मा निर्वाचित घोषित किए गए।

संयुक्त सचिव पद पर हितेश मुद्गल, अरविंद पराशर, हरपाल सिंह, राधा किशन बैरवा एवं डॉ. भारत सिंह को निर्वाचित किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. शक्ति सिंह रावलोत, प्रदीप सिंह, भंवर लाल गौरी, हरि सिंह राठौड़, जितेंद्र सिंह चौहान एवं श्रीमती डिम्पल सोलंकी निर्वाचित हुए।

सीए सुदीश कुमार शर्मा के कोषाध्यक्ष निर्वाचित होने पर खेल जगत में विशेष उत्साह देखा गया। शर्मा वर्तमान में बीकानेर ओलंपिक संघ एवं जिला जिम्नास्टिक्स संघ, बीकानेर के अध्यक्ष हैं तथा लंबे समय से खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खिलाड़ी पृष्ठभूमि से जुड़े होने के कारण उन्होंने सदैव खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया है।