मंडावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध सट्टेबाज राजेश सैनी गिरफ्तार

नीरज मीणा

मंडावर। स्मार्ट हलचल/थाना पुलिस ने अवैध सट्टे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शनिवार को एक सट्टेबाज को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्चियां, पेन और नगदी बरामद कर जब्त की है।
थानाधिकारी प्रवीण मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में एक व्यक्ति खुलेआम अवैध सट्टे की खाईवाली कर रहा है और लोगों को “एक रुपया लगाओ, 90 पाओ” का लालच देकर फंसा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राजेश सैनी पुत्र शिवलाल सैनी, उम्र 29 वर्ष निवासी नागल सुमेर सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टे की पर्चियां, पेन तथा 1200 रुपये नगद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह घनश्याम सैनी के लिए सट्टे की खाई का कार्य करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
गौरतलब है कि मंडावर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध सट्टे का कारोबार सक्रिय बताया जा रहा है। इससे पहले भी पुलिस ने बंगाली कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश पर कार्रवाई की थी। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध सट्टेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है।
थानाधिकारी प्रवीण मीणा ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सट्टेबाजों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।