आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर किया विरोध प्रदर्शन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रीष्मकालीन अवकाश, मानदेय भुगतान करने की उठाई मांग

बूंदी- स्मार्ट हलचल|अखिल राजस्थान महिला, बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ (एकीकृत) के बैनर तले आज जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन की संभाग अध्यक्ष सुमन जैन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। साथ ही राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री के नाम भी एक मांग पत्र प्रेषित किया गया।

कलेक्टर को सौंपे गए पहले ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि वर्तमान में पड़ रही अत्यधिक और भीषण गर्मी (लू) को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले 3 से 6 वर्ष के नौनिहालों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। छोटे बच्चों को लू और बीमारी से बचाने के लिए आगामी 30 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों में अनिवार्य रूप से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए।

कार्यकर्ताओं ने महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित उड़ान योजना का कार्य करने से साफ इंकार कर दिया है। मांग न मानने पर आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी गई है। एक अन्य महत्वपूर्ण ज्ञापन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में लंबे समय से अटके मानदेय और राशि के भुगतान का मुद्दा उठाया गया। इस दौरान प्रवीणा कँवर, संतोष देवी, सोनु शर्मा, राजेश कुमारी, सुशीला शर्मा, सावित्री मीणा, हेमलता शर्मा, अर्चना कुमावत, दिनेश बाई, सुमन जांगिड़, नन्दा बाई, विमला मीणा, द्वारिका बाई, प्रभा रानी शर्मा आदि मौजूद रही।