भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब, भीलवाड़ा द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागृति लाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई। शहर के संगीत कला केन्द्र प्रांगण में आर.वी. बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों के साथ “स्वर्गीय श्री मृणाल राठी स्मृति – सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा क्विज कॉन्टेस्ट” का आयोजन किया गया।
सड़क सुरक्षा के सीखे ‘गुरु मंत्र’
कार्यक्रम संयोजक डॉ. भागचंद सोमानी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना था। आर.वी. बॉक्सिंग एकेडमी के प्रशिक्षक राजेश कोली और सह-प्रशिक्षक क्षितिज कोली के निर्देशन में बॉक्सिंग सीख रहे बच्चों को खेल के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों को शपथ दिलाई कि वे वाहन चलाते समय हमेशा सतर्क रहेंगे और कभी भी तेज गति का सहारा नहीं लेंगे, क्योंकि आंकड़ों के अनुसार लगभग 80 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं तेज गति के कारण ही होती हैं।
प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान
क्विज प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को “सड़क सुरक्षा ज्ञान दीप सम्मान – प्रशंसा पत्र” देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों में तन्मय पारीक, युवराज सिंह चौहान, विराट पारीक, कृतिका जायसवाल, नव्या सालवी, चेतन माली, भावना गांछा, थ्वया सैनी, पार्थ वसीटा, समर प्रताप खटीक, कनिका वर्मा, साक्षी कोली एवं रणजीत माली शामिल रहे।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति:
संगीत कला केन्द्र के सचिव महेश जोशी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में क्लब के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक सोडाणी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश सोनी और पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश जागेटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश मूंदड़ा और रामचंद्र मूंदड़ा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
