दो दिन के मेगा अभियान में 11,504 एमवी एक्ट कार्रवाई, 274 आरोपी गिरफ्तार; अवैध हथियार, शराब और नशे के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई
जयपुर, 18 मई।स्मार्ट हलचल|महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए गए दो दिवसीय सघन नाकाबंदी अभियान ने अपराधियों, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया। इस विशेष अभियान के दौरान कुल 810 नाकाबंदी पॉइंट्स लगाकर 47 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई, जबकि विभिन्न धाराओं में 274 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था श्री वी के सिंह ने बताया कि शनिवार 16 मई को शाम 7:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक भरतपुर, उदयपुर व कोटा रेंजों में तथा रविवार 17 मई प्रातः 3:00 से लेकर 6:00 तक को बीकानेर, जोधपुर व जयपुर रेंजों के सभी प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की गई।
अभियान के तहत पुलिस ने दोपहिया और चौपहिया वाहनों की व्यापक जांच करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदेशभर में कुल 24,573 दोपहिया और 22,531 चौपहिया वाहनों की जांच की गई।
*11 हजार से ज्यादा एमवी एक्ट कार्रवाई*
नाकाबंदी अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, फर्जी या बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 11,504 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की।
इनमें 757 शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर, 1667 बिना हेलमेट चालकों पर, 1484 बिना सीट बेल्ट, 191 मोबाइल पर बात करते वाहन चालक, 1438 संदिग्ध या बिना नंबर प्लेट वाले वाहन तथा 1017 काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शामिल रही।
*उदयपुर और अजमेर रेंज सबसे आगे*
नाकाबंदी अभियान में उदयपुर रेंज सबसे सक्रिय रही, जहां 2647 एमवी एक्ट कार्रवाई की गई, जबकि अजमेर रेंज में 2576 कार्रवाई दर्ज हुई। जयपुर रेंज में 1795, कोटा में 1768, भरतपुर रेंज में 1735, जोधपुर रेंज में 968 और बीकानेर रेंज में 15 कार्रवाई कर नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा गया।
*274 की गिरफ्तारी*
अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने अपराधियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 274 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 12 प्रकरण आर्म्स एक्ट, 41 आबकारी अधिनियम के, 10 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण तथा 62 अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के तहत मामले दर्ज किए गए।
जिसमे 73 अपराधियों को विभिन्न एफआईआर और प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया, जबकि 170 बीएनएसएस के तहत 201 व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई में पकड़ा गया।
*हथियार, शराब और वाहन भी जब्त*
अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध हथियार, शराब और संदिग्ध वाहन भी जब्त किए गए। कोटा रेंज में 5 धारदार हथियार, 120 पव्वे देशी शराब, 2 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। वहीं 27 वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की गई। भरतपुर रेंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 05 लीटर अवैध शराब बरामद की और एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत 61 संदिग्ध वाहनों को सीज किया।
एडीजी श्री सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
————–
