निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए चैनसिंह राठौड़, स्वागत में उमड़ा उत्साह
कोटा।स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के वर्ष 2026-2030 कार्यकाल हेतु प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव में कोटा भूमि विकास बैंक एवं कोटा सरस डेयरी के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। प्रदेशभर के 21 जिला संघों के प्रतिनिधियों ने एकमत होकर उनके नाम पर मुहर लगाई।
निर्वाचन की सूचना फैलते ही राठौड़ को व्यक्तिगत भेंट, सोशल मीडिया एवं दूरभाष के माध्यम से बधाई व शुभकामनाओं का तांता लग गया। डेयरी मुख्यालय पहुँचने पर राजस्थान सेवानिवृत्त कल्याण संस्थान एवं कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। पुष्पमालाओं एवं बुके से सुसज्जित करते हुए मुँह मीठा कराया गया।
इस अवसर पर राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में जिम्नास्टिक्स खेल के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में 19 से 34 इकाइयों के गठन की योजना है, जिससे खेल गतिविधियों को जमीनी स्तर पर सशक्त किया जा सकेगा।
राठौड़ ने कहा, “जिम्नास्टिक्स एक बहुआयामी खेल है, जो बच्चों एवं युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह अनेक अन्य खेलों की आधारभूमि भी तैयार करता है।” उन्होंने यह भी बताया कि विगत कार्यकाल में कोटा में व्यापक कार्य किया गया तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
