महवा थाना पुलिस का एरिया डोमिनेशन अभियान, 7 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार

नीरज मीणा

महवा।स्मार्ट हलचल/दौसा जिले के महवा थाना पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान अवैध शराब, सट्टेबाजी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन तथा जयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देशानुसार महवा थाना क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व वृत्ताधिकारी मनोहरलाल आरपीएस एवं थानाधिकारी सचिन शर्मा ने किया।
पुलिस ने अभियान के दौरान 7 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 6 अन्य वारंटों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा अवैध शराब के तीन प्रकरण दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा एक आरोपी फरार हो गया। वहीं सट्टे की खाईवाली करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई तथा शांति भंग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। नाकाबंदी के दौरान 15 वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए विष्णु जाटव और राजेश मीणा को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य आरोपी रामबीर गुर्जर मौके से फरार हो गया। इसके अलावा धनसिंह कोली को सट्टे की खाईवाली करते हुए गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी बरामद की गई।
महवा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।