शतरंज चित्तौड़गढ़ अंडर-9 ओपन में कौस्तुभ अमन सुवालका और बालिका वर्ग में अनविका दीपक जैन बने “लिटिल चैम्प चैस चैम्पियनशिप” के चैम्पियन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल।चित्तौड़गढ़ जिला शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंदन जैन एवं उपाध्यक्ष पीयूष काबरा ने बताया कि चित्तौड़ चेतक स्पोर्ट्स क्लब, सुपर थर्टी स्पोर्ट्स क्लब एवं माहेश्वरी यूथ चैस क्लब के संयुक्त तत्वावधान तथा चित्तौड़ चैसकिंग अकादमी के सहयोग से जिला स्तरीय सलेक्शन “लिटिल चैम्प चैस चैम्पियनशिप” अंडर-9 ओपन एवं बालिका वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक स्थानीय चित्तौड़ चैसकिंग अकादमी, अम्बेश्वरी नगरपालिका कॉलोनी, पुराने आरटीओ ऑफिस के पीछे आयोजित हुई।

प्रतियोगिता स्विस सिस्टम एवं फिडे नियमों के तहत कुल 5 राउंड में खेली गई, जिसमें 13 नन्हे शतरंज खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेवाड़ गर्ल्स कॉलेज अध्यक्ष गोविंद गदिया, श्री महेश शिक्षा निकेतन संस्थान गांधीनगर के अध्यक्ष कैलाश तोषनीवाल, मार्बल उद्योगपति सुमंत सुवालका, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सुधा जागेटिया, दीपक जैन एवं राजस्थान शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निलेश बल्दवा उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत गीतिका सोनी, शिवानी माहेश्वरी, सुनील कुमार चौखड़ा, डॉ. अनुष्का जागेटिया, अंकिता जैन, प्रियंका ईनाणी एवं दिव्यांग सुहालका ने उपरना ओढ़ाकर किया।

जिला शतरंज संघ अध्यक्ष कैलाश भूतड़ा एवं सीनियर नेशनल आर्बिटर व सचिव निलेश बल्दवा ने बताया कि अंडर-9 बालिका वर्ग में अनविका दीपक जैन ने 5 में से 3 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अलंकृति मयूर सिंह राणावत द्वितीय एवं चार्वी अनिल कुमार जैन तृतीय स्थान पर रहीं।

ओपन वर्ग में कौस्तुभ अमन सुवालका ने 5 में से 4 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। अरुष राहुल माहेश्वरी द्वितीय, अर्थ अंकित सोनी तृतीय, कियानराज विकास जागेटिया चौथे, तक्षराज राजू सिंह पांचवें, अयान सौरभ ईनाणी छठे, सम्यक सोनू ढेलावत सातवें, शुभ सोनी कुमार दुहान आठवें, हरित सुनील कुमार चौखड़ा नवें तथा शौर्य देव दुष्यंत सिंह चुंडावत दसवें स्थान पर रहे।

विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में चयनित श्रेष्ठ 2-2 प्रतिभागियों को 25 से 27 मई तक झालावाड़ में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।