भीलवाड़ा एएनटीएफ की बड़ी कार्यवाही, 6 साल से फरार इनामी तस्कर मोहनराम साथी सहित गिरफ्तार, 2 पिस्टल ,7 कारतूस ,2 मैगजीन और 14 लाख नकद बरामद

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने मांडल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर मोहनराम जाट को उसके साथी महेंद्र विश्नोई के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 14 लाख रुपये नकद और एक क्रेटा कार जब्त की है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को “ऑपरेशन मदभावन” नाम दिया। एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि नागौर का कुख्यात तस्कर मोहनराम आसींद से भीलवाड़ा की ओर आने वाला है। इस पर टीम ने सादा वेश में एनएच-158 पर धुंवाला बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की।

टायर बर्स्टर बना पुलिस का नया हथियार
नाकाबंदी के दौरान काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों को टीम पर शक हो गया और उन्होंने वाहन तेज गति से भगा दिया। इस पर एएनटीएफ टीम ने तुरंत सड़क पर “स्टॉप स्टिक” यानी टायर बर्स्टर डाल दिया, जिससे कार के टायर फट गए। वाहन रुकते ही पुलिस टीम ने चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए मोहनराम और महेंद्र को धर-दबोचा।

हथियार निकालने तक का मौका नहीं मिला
पुलिस के अनुसार मोहनराम और महेंद्र अपने पास अवैध पिस्टल लेकर चल रहे थे और पुलिस पर हमला करने की फिराक में थे, लेकिन टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों को हथियार निकालने तक का मौका नहीं मिला। तलाशी में दोनों के कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 7 कारतूस और 2 मैगजीन बरामद हुईं।

6 साल से फरार चल रहा था मोहनराम
गिरफ्तार आरोपी मोहनराम पुत्र रामेश्वर लाल जाट (33) निवासी भादवासी, थाना डेगाना, जिला नागौर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह करीब 6 साल पहले चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद फरार हो गया था। इसके बाद उसने राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की सप्लाई का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया। वहीं उसका साथी महेंद्र पुत्र मंगलाराम विश्नोई (25) निवासी धमाणा का गालिया, थाना सांचौर, जिला जालौर भी तस्करी में उसकी मदद करता था।

पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।