सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य विषय पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

मोड़ का निंबाहेड़ा । राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भीलवाड़ा एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति आसींद के आदेशानुसार मंगलवार को ग्राम पालड़ी में “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

तालुका सचिव निखिलेश जीनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि नालसा नई दिल्ली द्वारा “Transformative Tuesdays : A Legal Literacy Initiative” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पैनल अधिवक्ता तुलसीराम गुर्जर, अधिवक्ता हरिशंकर शर्मा एवं पीएलवी नारायण लाल जाट द्वारा ग्रामीणों को विधिक जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है तथा घरेलू हिंसा महिलाओं एवं परिवार के लिए गंभीर समस्या है। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि यदि कहीं बाल विवाह या घरेलू हिंसा की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन एवं संबंधित हेल्पलाइन को सूचना दें। साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया गया कि “सशक्त महिला और सुरक्षित बचपन ही मजबूत समाज की पहचान है।”