बूंदी- स्मार्ट हलचल|आज सुबह भालू के हमले से डाबेटा गांव में एक अधेड़ बुरी तरह घायल हो गया। परिजन उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए, जहां पर 3 घंटे की सर्जरी के बाद घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्लास्टिक सर्जन डॉ. आशीष व्यास ने बताया कि हरलाल को गंभीर घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए थे जिसे तुरंत ऑपरेशन थिएटर में लिया गया।
उसका चेहरा पूरी तरह से जख्मी था। गाल की हड्डी टूटी हुई थी और आंख पर भी गंभीर घाव हो रहे थे लगभग ढाई सौ टांके लगाकर घायल की सर्जरी की गई। रक्त अत्यधिक बह जाने के कारण दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया। फिलहाल घायल की स्थिति खतरे से बाहर है फिर भी अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। वही ग्रामीणों ने बताया कि डाबेटा निवासी 60 वर्षीय हरलाल गुर्जर पुत्र रघुनाथ गुर्जर वन विभाग की दीवार के पास स्थित अपने बाड़े में सो रहा था। अचानक सुबह 5 बजे भालू ने उसे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर आरोप लगाया कि वन विभाग की दीवार टूटी होने के कारण भालू गांव में प्रवेश कर गया। अगर वन विभाग की दीवार का निर्माण कार्य समय पर पूरा करवा दिया जाता तो ऐसा नहीं होता। विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया था कि वह समय रहते टूटी हुई दीवार का निर्माण कार्य करवा दे पर उन्होंने निर्माण करवाने पर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में आज भालू ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर घायल हुआ है।
