अनिल कुमार
जिला ब्यावर
गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में हुई बैठक; संगठन विस्तार, जनसेवा और स्वास्थ्य हेल्पलाइन को लेकर हुई अहम चर्चा, ब्लॉक स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ की वार्षिक बैठक जयपुर स्थित आरएएस क्लब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में ब्यावर जिला कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र काठात ने शिरकत करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
बैठक का शुभारंभ चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास महला द्वारा सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सी.पी. जोशी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में विधायक रफीक खान, विधायक रोहित बोहरा, अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
ब्लॉक स्तर तक संगठन विस्तार पर चर्चा
चिकित्सा प्रकोष्ठ के संगठन महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में प्रदेशभर से जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए सभी जिला इकाइयों को ब्लॉक स्तर तक कार्यकारिणी गठन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संगठन विस्तार, जनसंपर्क और चिकित्सा सेवा के माध्यम से आमजन तक पहुंच बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डोटासरा ने की ‘जन स्वास्थ्य हेल्पलाइन’ की सराहना
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चिकित्सा प्रकोष्ठ की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तकयू आमजन की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डोटासरा ने प्रदेशभर में संचालित ‘जन स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा’ को भी जनहित में एक बेहद सराहनीय पहल बताया। इस अवसर पर संगठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।
चिकित्सा सेवा से पहुंचाएंगे आमजन को राहत: डॉ. काठात
बैठक के पश्चात ब्यावर जिला अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र काठात ने सभी शीर्ष पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्ष साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि:
“संगठन की मजबूती और चिकित्सा सेवा के माध्यम से आमजन तक राहत पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। ब्यावर जिले के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं के साथ संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देते रहेंगे।”
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. लोकेश मान ने किया, जबकि अंत में संगठन महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
