ब्यावर में जिला स्तरीय मीडिया संवाद बैठक आयोजित: जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर हुई विस्तृत चर्चा

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर सभागार में आज जिला स्तरीय ‘मीडिया संवाद बैठक’ का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों, अधिकृत व अधिस्वीकृत पत्रकारों, पब्लिकेशन प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया हैंडल संचालकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मीडिया गतिविधियों और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सतीश सोनी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि संवाद के दौरान स्थानीय स्तर पर समाचार पत्रों के नियमित प्रकाशन, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों के प्रसारण और विभिन्न पब्लिकेशन्स की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आज के दौर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर संचालित हो रही समाचार एवं जनसंपर्क गतिविधियों की प्रभावशीलता को लेकर भी मंथन हुआ।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका पर जोर
बैठक में बदलते दौर के साथ जनसंचार में सोशल मीडिया हैंडल्स एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आमजन तक सरकार की जनहितकारी योजनाओं को पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम साबित हो सकता है। इसके प्रभावी उपयोग और जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए। साथ ही, सूचना प्रसारण को अधिक त्वरित, प्रभावी और विश्वसनीय बनाने के उपायों पर भी जोर दिया गया।

जनोन्मुख तंत्र विकसित करना मुख्य उद्देश्य
इस संवाद बैठक का मुख्य उद्देश्य मीडिया और जनसंपर्क तंत्र को और अधिक समन्वित, सक्रिय और जनोन्मुख (पब्लिक-ओरिएंटेड) बनाना है। ताकि शासन की महत्वपूर्ण सूचनाएं, जनकल्याणकारी नीतियां और योजनाएं समयबद्ध रूप से और सही रूप में आमजन तक पहुंच सकें।