एसपी रतन सिंह ने कार्यालय आ रहे बुजुर्ग की राह में सुनी पीड़ा, तुरंत दिए निस्तारण के आदेश

अनिल कुमार
जिला ब्यावर

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने आज अपनी संवेदनशीलता और सहृदयता का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। एसपी के इस मानवीय चेहरे और त्वरित एक्शन की आमजन में जमकर सराहना हो रही है।जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह जब अपने मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तरफ एक बुजुर्ग को पैदल-पैदल आते देखा। चिलचिलाती धूप और ढलती उम्र में बुजुर्ग को परेशान देख एसपी साहब ने तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी को रुकवाया।

मौके पर ही सुनी परिवेदना, फोन पर दिए निर्देश
गाड़ी रुकवाकर एसपी रतन सिंह खुद बुजुर्ग के पास पहुंचे और बेहद आत्मीयता के साथ उनसे बातचीत की। जब बुजुर्ग ने अपनी पीड़ा और परिवेदना उनके सामने रखी, तो एसपी ने मामले की गंभीरता को तुरंत समझा। उन्होंने बिना समय गंवाए मौके से ही संबंधित विभाग के अधिकारी को फोन लगाया और बुजुर्ग की समस्या का तुरंत और संतोषजनक समाधान करने के सख्त निर्देश दिए।

जनता में बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास
पुलिस के आला अधिकारी को इस तरह एक आम और बुजुर्ग नागरिक की मदद के लिए सड़क पर उतरते देख वहां मौजूद हर कोई प्रभावित नजर आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसपी साहब के इस कदम से न केवल पीड़ित बुजुर्ग को तुरंत राहत मिली है, बल्कि आमजन में ‘अपराधी में डर, आमजन में विश्वास’ का नारा भी सच साबित हुआ है।