रास क्षेत्र में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 4 खाद-बीज भंडारों पर औचक छापा, बीटी कपास के सैंपल लिए

अनिल कुमार
जिला ब्यावर

 

ब्यावर/स्मार्ट हलचल|रास कृषि आयुक्तालय के निर्देशानुसार जिले के किसानों को सही कीमत पर गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक कृषि आदान (खाद, बीज, कीटनाशक) उपलब्ध कराने के लिए 15 मई 2026 से विशेष ‘सघन गुण नियंत्रण अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार, 18 मई 2026 को कृषि विभाग की टीम ने रास क्षेत्र में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।

महिला निरीक्षकों की टीम ने संभाली कमान
क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस छापेमारी से आदान विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। इस औचक निरीक्षण दल में आदान निरीक्षक श्रीमती मीनाक्षी जैन, प्रियंका जाखड़ और पूर्ति दगदी शामिल रहीं। टीम ने रास कस्बे और आस-पास की प्रमुख कृषि इनपुट दुकानों के स्टॉक, पीओएस मशीन, बिलिंग और मूल्य सूची की बारीकी से जांच की।

इन फर्मों पर गिरती गाज, बीटी कपास के नमूने जब्त
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की प्रमुख फर्मों—मैसर्स गणपति खाद बीज भंडार, सांखला कृषि सेवा केंद्र, श्री महादेव एग्रो सेल तथा श्री ओम बीज भंडार के यहाँ रिकॉर्ड में भारी कमियां और अन्य अनियमितताएं पाई गईं।

मौके पर ही कार्रवाई करते हुए निरीक्षण दल ने:

सभी दोषी फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

खरीफ सीजन को देखते हुए बीटी कपास (Bt Cotton) के बीज के नमूने (Samples) आहरित किए।

इन सभी नमूनों को सील कर तुरंत गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला (Lab) भिजवा दिया गया है।

अधिकारियों की चेतावनी:

कृषि विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि लैब रिपोर्ट में यदि बीज या खाद अमानक (Substandard) पाए जाते हैं, तो संबंधित डीलरों के लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से तय कीमत से अधिक वसूलने या नकली सामान बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।