भीलवाड़ा: भीमगंज थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतर-जिला वाहन चोर गिरफ्तार, 6 मोटरसाइकिलें बरामद

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव (IPS) के आदेशानुसार, शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीमगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अति0 पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री पारसमल जैन एवं वृताधिकारी (शहर) श्री सज्जन सिंह के सुपरविजन व भीमगंज थानाधिकारी श्री सुनील चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

​महात्मा गांधी अस्पताल परिसर से हुई थी चोरी

​मामले के अनुसार, महात्मा गांधी अस्पताल में कार्यरत डॉ. संजय जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जुलाई 2025 को अस्पताल परिसर से उनकी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (RJ26CS5732) चोरी हो गई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुला राज

​गठित विशेष टीम ने एमजी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पारंपरिक पुलिसिंग व मुखबिरों की मदद से बिना नंबर के वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार श्यामलाल गुर्जर (उम्र 29 साल, निवासी बेरा, बागौर) को डिटेन कर पूछताछ की, तो उसके पास से डॉ. संजय जैन की चोरी हुई स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई।

​गहन पूछताछ में श्यामलाल ने बताया कि उसने यह बाइक सत्यनारायण उर्फ विक्रमसिंह दरोगा से खरीदी थी। आरोपी सत्यनारायण पहले से ही एक अन्य मामले में जिला कारागृह भीलवाड़ा में न्यायिक अभिरक्षा में था, जिसे पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार किया।

​आरोपी से पूछताछ में 5 अन्य बाइकें बरामद

​पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक और गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी सत्यनारायण उर्फ विक्रमसिंह ने एमजी अस्पताल परिसर से ही 5 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी 6 बाइकें धारा 106 बीएनएसएस (BNSS) के तहत जब्त कर ली हैं।

​गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

  • सत्यनारायण उर्फ विक्रमसिंह पुत्र श्यामलाल दरोगा (उम्र 32 वर्ष), निवासी: भादु, थाना माण्डल, जिला भीलवाड़ा।

​आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड:

​गिरफ्तार आरोपी सत्यनारायण एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ माण्डल, राजनगर (राजसमन्द), केलवा और भीमगंज थानों में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और वाहन चोरी (BNS) के कुल 7 मामले पहले से दर्ज हैं।

​बरामद वाहनों का विवरण:

  1. हीरो स्प्लेंडर प्लस i3s: बिना नंबर (ब्लैक रंग), पीछे की प्लेट पर ‘गुर्जर बगड़ावत’ और वाइजर पर ‘DEV’ लिखा है।
  2. हीरो एचएफ डीलक्स: बिना नंबर (ब्लैक-रेड), पुराना मॉडल (इंजन नंबर: HA11ENJ4F03823)।
  3. हीरो स्प्लेंडर प्लस: बिना नंबर (ब्लैक-सिल्वर), चेसिस नंबर घिसे हुए (इंजन नंबर: HA10ERG4K96262)।
  4. हीरो स्प्लेंडर प्लस i3s: बिना नंबर (ब्लैक रंग), आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं है।
  5. हीरो एचएफ डीलक्स: बिना नंबर (ब्लैक व स्काई ब्लू), पीछे की प्लेट पर ‘गुर्जर’ लिखा है।
  6. हीरो स्प्लेंडर (RJ26CS5732): (प्रार्थी डॉ. संजय जैन की बाइक)।

​पुलिस टीम (जिसका रहा विशेष योगदान):

  •  सुनील चौधरी (थानाधिकारी, भीमगंज)
  •  उमराव (हेड कांस्टेबल – विशेष योगदान)
  •  राजेश (कांस्टेबल)
  •  सौरभ (कांस्टेबल)
  •  सुनील (कांस्टेबल)