ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के विरोध में आज मेड़ता रोड के मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|मेड़ता रोड क्षेत्र में बुधवार को सभी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। यह बंद ‘ऑल इंडिया एवं राजस्थान केमिस्ट एसोसिएशन’ के आह्वान पर ऑनलाइन दवा बिक्री तथा बाजार में बढ़ रही नकली और घटिया गुणवत्ता की दवाइयों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय केमिस्ट एसोसिएशन ने क्षेत्र के सभी दवा विक्रेताओं से इस एक दिवसीय बंद को सफल बनाने की अपील की है।
मेड़ता रोड केमिस्ट एसोसिएशन के अनुसार ऑनलाइन फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि बिना उचित सत्यापन और चिकित्सकीय निगरानी के इंटरनेट के माध्यम से दवाइयों की बिक्री आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
एसोसिएशन ने बाजार में नकली और निम्न गुणवत्ता वाली दवाइयों के बढ़ते नेटवर्क पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि ऐसी दवाइयां लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकती हैं। संगठन की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण तथा नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई शामिल है।
केमिस्ट एसोसिएशन ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा, “यह लड़ाई केवल केमिस्टों के व्यवसाय की नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने की भी है।”
मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, एसोसिएशन ने दावा किया है कि आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया