अनिल कुमार
जिला ब्यावर
ब्यावर /स्मार्ट हलचल|जैतारण नशे के कारोबारियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जैतारण थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे इनामी/वांछित आरोपी महावीर प्रसाद सुखवाल को गिरफ्तार कर लिया है। नशे के कारोबार के खिलाफ पिछले तीन महीनों में जैतारण पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया यह सातवां फरार आरोपी है।
तकनीकी टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से दबोचा
जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी (जैतारण) सतेन्द्र सिंह नेगी के सुपरविजन में जैतारण थानाधिकारी धोलाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र (Informer Network) और तकनीकी सहयोग (Cyber/Technical Surveillance) की मदद से आरोपी का लगातार पीछा किया। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे दस्तयाब किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है आरोपी
थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महावीर प्रसाद सुखवाल (28) पुत्र चतुर्भुज सुखवाल, चित्तौड़गढ़ जिले के राश्मी थाना इलाके के ‘दड़वा’ (ग्राम पंचायत भालोटा की खेड़ी) का निवासी है। आरोपी के खिलाफ जैतारण थाने में प्रकरण संख्या 149/2025 के तहत धारा 8/15 और 8/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज था, जिसमें वह पिछले एक साल से पुलिस को छका रहा था। पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
इस टीम को मिली कामयाबी
आरोपी को दबोचने वाली पुलिस टीम में जैतारण थानाधिकारी धोलाराम के साथ हेड कांस्टेबल राजाराम (1291), कांस्टेबल प्रहलाद (470), कांस्टेबल शिवनारायण (637), कांस्टेबल हेमराज (663) और कांस्टेबल किशोर (612) शामिल रहे। अपराधियों को पकड़ने में इस टीम की मुस्तैदी की उच्चाधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।
