भीलवाड़ा । राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने राज्यहित में एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं. जयपुर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार, राज्य में तुरंत प्रभाव से कुल 17 अनुभवी आई.पी.एस. अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं. सरकार द्वारा जारी की गई इस नई सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव करने के साथ-साथ प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदल दिया गया है. कार्मिक विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह के हस्ताक्षरों से जारी इस आदेश के बाद से पुलिस महकमे में भारी हलचल मच गई है. इस फेरबदल के तहत दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भरतपुर और डीडवाना-कुचामन सहित कुल 6 महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है. भीलवाड़ा की कमान अब सागर राणा संभालेंगे वह वर्तमान में दौसा जिले में अपनी सेवाएं दे रहे थे वहीं एसपी धर्मेंद्र सिंह का तबादला चित्तौड़गढ़ हो गया है । पुलिस अधीक्षक सागर राणा, मूल हरियाणा के रहने वाले है, इनकी पत्नी रजिता शर्मा भी राजस्थान मे आईपीएस है, पहले वो दौसा पुलिस अधीक्षक थी । भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सागर हरियाणा के रहने वाले हैं। 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। आईपीएस सागर ने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की थी और उसके बाद सिविल सेवा पास करके आईपीएस अधिकारी बने थे। राजस्थान में उनके कार्यकाल की बात करें तो सबसे पहले उन्हें एसपी सांचौर के पद पर लगाया था और अभी दौसा से ट्रांसफर होकर भीलवाड़ा आ रहे है ।
