Wednesday, May 20, 2026

महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म का आरोपी सिपाही बर्खास्त, एसपी ने 25 हजार का इनाम किया घोषित

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/ स्मार्ट हलचल।अजमेर में महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपए की ठगी के गंभीर आरोपों में फरार चल रहे निलंबित पुलिस कांस्टेबल मुकेश सारण को पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस ने आमजन से आरोपी की सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे पुरस्कार भी दिया जाएगा।

 

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मामला बेहद गंभीर प्रकृति का है। आरोपी सिपाही मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा है और निलंबन के बाद से ड्यूटी पर भी उपस्थित नहीं हुआ। ऐसे में विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ नॉर्थ शिवम जोशी कर रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

2018 से शुरू हुआ शोषण
पीड़ित महिला कांस्टेबल ने गत 6 मई को मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2018 में डीएसटी में तैनात आरोपी कांस्टेबल मुकेश सारण ने पहले विश्वास जीतकर उसके निजी जीवन में दखल देना शुरू किया। आरोप है कि आरोपी ने अपनी बहन के सरकारी आवास पर महिला कांस्टेबल को नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

28 लाख रुपए ऐंठे, लोन लेकर खरीदी कार
महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि आरोपी ने वर्ष 2020 से 2025 के बीच उससे करीब 28 लाख रुपए वसूले। आरोपी ने उसके नाम पर लोन उठवाकर कार खरीदी और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर भी लाखों रुपए हड़प लिए। इतना ही नहीं आरोपी और उसके परिजनों पर महिला के सोने के गहने बैंक में गिरवी रख गोल्ड लोन लेने के आरोप भी लगे हैं।

नाबालिग बेटे के सामने अश्लील हरकतों के आरोप
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने महिला कांस्टेबल का गर्भपात करवाया। साथ ही नशे की हालत में उसके घर पहुंचकर नाबालिग बेटे के सामने अश्लील हरकतें कीं। मामले में पुलिस ने आरोपी मुकेश सारण के अलावा उसकी बहन, भाई, पत्नी और जीजा सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।