(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल।धार्मिक नगरी पुष्कर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब भगवान के मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए। धार्मिक आस्था के केंद्र और कस्बे के व्यस्त मुख्य बाजार क्षेत्र होली का चौक स्थित सूरजमुखी बालाजी मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया। चोर मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने दानपात्र में मौजूद सिक्कों को हाथ तक नहीं लगाया और केवल नोटों को ही अपने साथ ले गए। इस घटना ने लोगों के बीच चर्चा और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं। हनुमान भक्त सुरेश पाराशर ने बताया कि सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो दानपात्र खुला हुआ मिला। दानपात्र की स्थिति देखकर तुरंत चोरी की आशंका हुई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार क्षेत्र के मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक इन चोरों तक पहुंचा जा सकेगा।