Wednesday, May 20, 2026

मोरवानिया पीटीएस कैंपस को विकसित किया जाएगा राज्य स्तरीय आदर्श पर्यावरणीय प्रशिक्षण परिसर के रूप में

ग्रीन पीपल सोसाइटी एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल, वर्षा ऋतु से पूर्व मृदा एवं जल संरक्षण कार्यों पर जोर

उदयपुर, 20 मई। स्मार्ट हलचल।मोरवानिया स्थित पीटीएस कैंपस को पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन का उत्कृष्ट मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में आज ग्रीन पीपल सोसाइटी (GPS) के सदस्यों द्वारा नवीन पदस्थापित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा के साथ पीटीएस कैंपस मोरवानिया में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपूर्ण परिसर को वृक्षाच्छादित एवं रमणीय प्राकृतिक स्थल के रूप में विकसित करने संबंधी व्यापक प्रबंधन योजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में ग्रीन पीपल सोसाइटी द्वारा मोरवानिया पीटीएस को राज्य स्तर की सर्वोत्तम एवं पर्यावरण अनुकूल पुलिस प्रशिक्षण संस्था के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि किसी भी परियोजना की सफलता के लिए सुव्यवस्थित प्रबंधन योजना अत्यंत आवश्यक होती है। इसी उद्देश्य से जीपीएस द्वारा कैंपस के लिए वाटरशेड संरक्षण, वन संवर्धन एवं पर्यावरण विकास कार्यों पर आधारित विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाना प्रस्तावित है।
योजना के अंतर्गत पर्यावरण सुधार, पौधारोपण के लक्ष्य, मृदा एवं जल संरक्षण कार्य, पक्षियों के संरक्षण हेतु फलदार पौधों का रोपण, विभिन्न प्रजातियों के पौधों की क्षेत्रवार एवं किस्मवार सूची तैयार करना तथा उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वर्षा ऋतु निकट होने के कारण समिति द्वारा तत्काल मृदा कार्य पूर्ण करने का सुझाव दिया गया, ताकि जून-जुलाई में वर्षा प्रारंभ होते ही तैयार गड्ढों में पौधारोपण कर पूरे क्षेत्र को हरित स्वरूप प्रदान किया जा सके।

बैठक में कैंपस की चारदीवारी शीघ्र पूर्ण कराने पर भी विशेष जोर दिया गया, जिससे बाहरी मवेशियों द्वारा पौधों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। इसके अतिरिक्त जल संरक्षण के उद्देश्य से क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक नालों का अध्ययन कर वहां चेक डैम, एनीकट एवं अन्य जल संरचनाएं विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि वर्षा जल का प्रभावी संरक्षण किया जा सके।
ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने कहा कि संस्था एक मजबूत एवं व्यावहारिक प्रबंधन योजना तैयार करेगी, जिससे निर्धारित समय में प्रभावी परिणाम प्राप्त कर मोरवानिया पीटीएस कैंपस को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का आदर्श उदाहरण बनाया जा सकेगा।

इस अवसर पर ग्रीन पीपल सोसाइटी के सदस्य सुहेल मजबूर, एस एन दवे, इंद्रजीत माथुर, डॉ. ललित जोशी, डीवाईएसपी विजय कुमार सहित मोरवानिया पीटीएस का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। बैठक के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा ने प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करते हुए उच्च स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।