Jhajpur farmers yearn for electricity connections
डिमांड राशि जमा, खंभे खड़े… फिर भी अंधेरे में किसान
विधायक से किसानों की गुहार — “उच्च अधिकारियों से बात कर जल्द दिलाएं कृषि कनेक्शन”
अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल।जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों किसान इन दिनों कृषि विद्युत कनेक्शन की भारी समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उन्होंने करीब 1 से डेढ़ साल पहले कृषि कनेक्शन के लिए विभाग में डिमांड राशि जमा करवा दी, कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी खड़े कर दिए गए, लेकिन आज दिन तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए और ना ही कनेक्शन चालू हुए।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि समय पर कृषि कनेक्शन नहीं मिलने से खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है। किसान महंगे डीजल पंपों के सहारे सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे लागत लगातार बढ़ रही है। कई किसानों ने बैंक से ऋण लेकर खेतों में कुएं और बोरिंग करवाए, लेकिन बिजली कनेक्शन के अभाव में सब बेकार साबित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट-काटकर किसान परेशान हो चुके हैं, लेकिन हर बार केवल “ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हैं” कहकर मामला टाल दिया जाता है। किसानों का आरोप है कि विभाग की धीमी कार्यशैली के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा।
किसानों ने जहाजपुर विधायक से मांग की है कि वे इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लें और ऊर्जा विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाएं, ताकि लंबे समय से लंबित कृषि कनेक्शन जल्द शुरू हो सकें।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब देखना यह होगा कि किसानों की इस पीड़ा पर जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं।
