नीट पेपर लीक के खिलाफ जयपुर में ब्यावर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, भाजपा मुख्यालय घेरा

पीसीसी चीफ डोटासरा और जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में उमड़ा सैकड़ों कार्यकर्ताओं का सैलाब; छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन की चेतावनी

अनिल कुमार
ब्यावर , स्मार्ट हलचल ।नीट-2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को जयपुर में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया गया। ब्यावर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में ब्यावर जिले से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जयपुर कूच कर भाजपा मुख्यालय के महा-घेराव में अपनी ताकत दिखाई।

जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा गांधी भवन) से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक निकाली गई विशाल रैली का नेतृत्व करते हुए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए। डोटासरा ने कहा कि साल 2024 में ही जननेता राहुल गांधी ने संसद में नीट पेपर चोरी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का मुद्दा उठाया था, लेकिन अहंकार में डूबी भाजपा सरकार ने इस पर चर्चा नहीं कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस धांधली में सरकार में बैठे लोग शामिल हैं और कांग्रेस इनका इस्तीफा लेकर ही दम लेगी।

सड़कों पर लड़ी जाएगी छात्रों के हक की लड़ाई: चौधरी

घेराव प्रदर्शन के दौरान ब्यावर जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने हुंकार भरते हुए कहा कि देश के 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ हुआ यह खिलवाड़ कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा के राज में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। ब्यावर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और जब तक पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिलता, सड़कों पर उग्र आंदोलन जारी रहेगा।

इस प्रदर्शन में ब्यावर ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा, खनिज प्रकोष्ठ के आशीषपाल पदावत, जिला संगठन महासचिव राजेश देवड़ा, अजमत काठात, महेंद्र सिंह चौहान सहित ब्यावर, जवाजा, जैतारण और विजयनगर के सैकड़ों कार्यकर्ता, पार्षद और पंचायती राज जनप्रतिनिधि शामिल हुए।