जिला स्तरीय जनसुनवाई में गूंजे बिजली-पानी के मुद्दे; सतर्कता समिति ने 4 मामलों का किया निस्तारण

अनिल कुमार

स्मार्ट हलचल । ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला जन अभाव-अभियोग एवं सतर्कता समिति की मासिक बैठक और जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) ब्रह्म लाल जाट की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आमजन की समस्याओं को सुना गया और संबंधित विभागों को उनके त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए।

सतर्कता समिति: 4 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट ने बताया कि सतर्कता समिति की नियमित मासिक बैठक के दौरान कुल 17 गंभीर परिवादों पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों की मुस्तैदी से इनमें से 4 पुराने परिवादों का मौके पर ही स्थाई निस्तारण कर दिया गया। एडीएम ने शेष बचे 13 प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया कि वे तय समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई में आए 27 नए मामले, बिजली-पानी पर रहा जोर
इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुल 27 नए परिवाद सामने आए। इस दौरान मुख्य रूप से पेयजल पाइपलाइन, बिजली आपूर्ति, पानी की किल्लत और राजस्व (जमीन-जायदाद) से जुड़े मामले छाए रहे। परिवादियों की समस्याओं को सुनते हुए एडीएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रकरणों का शीघ्र और प्रभावी रूप से निस्तारण किया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े ब्लॉक स्तर के अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक की खास बात यह रही कि जिला मुख्यालय पर अधिकारी व्यक्तिगत रूप से मौजूद थे, जबकि ब्यावर जिले के सभी ब्लॉक एवं उपखण्ड कार्यालयों के प्रशासनिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से वर्चुअली जुड़े रहे।

बैठक में यह रहे मौजूद:
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में एसीईओ गोपाल लाल मीणा, तहसीलदार हनुत सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।