राशन वितरण में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, उचित मूल्य दुकान का लाइसेंस निलंबित

अनिल कुमार
ब्यावर स्मार्ट हलचल । ब्यावर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता लाने और आमजन को उनके हक का राशन सुचारु रूप से दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। ब्यावर शहर के नरसिंहपुरा क्षेत्र में राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर जिला रसद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक उचित मूल्य दुकान का प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जांच में खुली पोल, लाइसेंस सस्पेंड
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन अधिकारी (Enforcement Officer) श्री सोहन सिंह चौहान ने नरसिंहपुरा स्थित दुकान कोड संख्या 23767 के संचालक श्री मनीष अग्रवाल की दुकान का औचक निरीक्षण और जांच की थी। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि संचालक द्वारा राशन सामग्री के वितरण और रिकॉर्ड संधारण में गंभीर लापरवाही और अनियमितताएं बरती जा रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बिना देरी किए दुकान के लाइसेंस को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
अधिकारियों का कड़ा संदेश
“आमजन के हक के खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं को उनका पूरा राशन मिले, इसके लिए विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। यदि भविष्य में भी किसी डीलर के खिलाफ शिकायत सही पाई गई, तो इससे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

— श्री अब्दुल सादिक, जिला रसद अधिकारी, ब्यावर

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए होगी वैकल्पिक व्यवस्था
दुकान निलंबित होने के बाद इस क्षेत्र के राशन कार्डधारियों को परेशानी न हो, इसके लिए विभाग जल्द ही इस दुकान को नजदीकी उचित मूल्य दुकान से संबद्ध (टैग) करेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।