कांवाखेड़ा में तलवार लहराकर धमकाने के मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा पुलिस ने कांवाखेड़ा क्षेत्र में तलवार से भयभीत करने एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहरुख अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से तलवार भी बरामद की गई है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा धर्मेन्द्र यादव के निर्देशानुसार शहर में इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन तथा पुलिस उपाधीक्षक शहर वृत्त सज्जन सिंह के सुपरविजन में थाना कोतवाली की विशेष टीम गठित की गई।

घटना का विवरण

दिनांक 19 मई 2026 को कांवाखेड़ा निवासी अकीला बानो ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 मई 2026 को उनका पुत्र एवं पुत्रवधू स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में आरोपी शाहरुख अंसारी, उसके पिता अब्दुल रसीद अंसारी तथा भाई अख्तर अंसारी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए।

पीड़ित दंपति किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने वहां भी पीछा किया। आरोप है कि शाहरुख अंसारी तलवार लेकर घर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से दरवाजे पर वार किए तथा धमकियां दीं। परिवार द्वारा दरवाजा बंद कर लेने और मौके पर भीड़ जुट जाने के कारण आरोपी वहां से फरार हो गया।

मामले में थाना कोतवाली पर प्रकरण संख्या 165/26 धारा 115(2), 126(2), 76, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान घटना के वीडियो फुटेज मिलने पर प्रकरण में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई।

पुलिस कार्रवाई

थानाधिकारी हनुमान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहरुख अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तलवार बरामद कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। फरार सह-आरोपी अब्दुल रसीद अंसारी एवं अख्तर अंसारी की तलाश जारी है।

गठित टीमह

हनुमान सिंह, कमलेश कुमार
, समय सिंह एफसी
, अनिल एफसी, शम्भू जीनगर एफसी

यह हुआ गिरफ्तार

मोहम्मद शाहरुख अंसारी (34 वर्ष), निवासी कांवाखेड़ा, थाना कोतवाली, जिला भीलवाड़ा