राजसमंद। भीम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे तक पहुंचाया है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल गौतम, कांस्टेबल रितेश चौधरी और नरेंद्र मीणा की अहम भूमिका रही। तीनों पुलिसकर्मियों की सतर्कता,मेहनत और टीम वर्क के चलते आखिरकार आरोपी को बेंगलुरु (कर्नाटक) से डिटेन कर भीम लाया गया। गिरफ्तार आरोपी तरुण मांडोत पुत्र महावीर कुमार मांडोत निवासी निचला बाजार,थाना भीम जिला राजसमंद का रहने वाला है, जो लंबे समय से कर्नाटक में रहकर कार्य कर रहा था। आरोपी के खिलाफ एसीजेएम बाल न्यायालय राजसमंद और एसीजेएम भीम न्यायालय में विभिन्न मामले दर्ज थे,जिनमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था,लेकिन भीम थाना पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। हेड कांस्टेबल गौतम,कांस्टेबल रितेश चौधरी और नरेंद्र मीणा ने मिलकर तकनीकी जानकारी जुटाई,आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक रणनीति तैयार की। टीम की लगातार मेहनत और समर्पण के चलते आरोपी की लोकेशन बेंगलुरु में ट्रेस हुई,जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तीनों पुलिसकर्मियों ने पूरी कार्रवाई के दौरान टीम भावना के साथ कार्य किया और फरार आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पुलिस विभाग के प्रति उनका समर्पण,कर्तव्यनिष्ठा और अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया इस कार्रवाई में साफ दिखाई दिया। क्षेत्र में भी पुलिस टीम की इस सफलता की जमकर सराहना हो रही है। भीम थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 4 वारंटों का निस्तारण किया गया। भीम पुलिस की इस सफलता को क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
