अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल ब्यावर/रायपुर।अवैध शराब तस्करी के मामलों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिछले 6 साल से फरार चल रहे अवैध शराब से भरे टैंकर के मालिक (वाहन स्वामी) को जालौर से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
हाईवे पर पकड़ा गया था शराब से भरा टैंकर
यह मामला 20 अगस्त 2020 का है, जब रायपुर थाना पुलिस ने एन.एच. 162 पर अंडरब्रिज के पास ब्यावर से पाली की तरफ जा रहे एक संदिग्ध 10 चक्का टैंकर (GJ 24 U 2495) को घेराबंदी कर रुकवाया था। तलाशी लेने पर टैंकर के भीतर से 162 कार्टून अवैध शराब बरामद हुई थी। पुलिस ने मौके से चालक मनोहर सिंह विश्नोई (निवासी बिलाड़ा, जोधपुर) को गिरफ्तार किया था।
हरियाणा से गुजरात जा रही थी खेप
पुलिस अनुसंधान में सामने आया था कि यह अवैध शराब भंवरलाल विश्नोई (निवासी चितलवाना, जालौर) के कहने पर भिवानी (हरियाणा) में राम रहीम मंदिर के सामने एक होटल के पास से लोड की गई थी और इसे राजकोट (गुजरात) में खाली किया जाना था। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी भंवरलाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन वाहन का असली मालिक तब से फरार था।
लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
वाहन स्वामी महावीर खिलेरी (उम्र 30 वर्ष, निवासी चितलवाना, जालौर) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चितलवाना, बनासकांठा, बिलाड़ा, डांगियावास, जोधपुर, पाली, सोजत सिटी और चंडावल सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 173(8) CrPC के तहत अनुसंधान पेंडिंग रखा गया था।
विशेष टीम ने ऐसे दबोचा
जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर, श्री रतन सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी रायपुर के निकट सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और जमीनी आसूचना (Intelligence) की मदद से कड़ी से कड़ी जोड़ी और आखिरकार आरोपी महावीर खिलेरी को पाली व जालौर की सीमा से गिरफ्तार कर लिया।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:
सरवर खां (उप-निरीक्षक, पुलिस थाना रायपुर),राजेन्द्र (कांस्टेबल 416, पुलिस थाना रायपुर),मनोज (कांस्टेबल 505, पुलिस थाना रायपुर),राजू राम (कांस्टेबल, पुलिस थाना बार)
