एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता रोड|स्मार्ट हलचल।नागौर जिले की मेड़ता तहसील के मेड़ता रोड के निकटवर्ती ग्राम कूम्पड़ास में वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया की 521वीं जयंती समारोह श्रद्धा, गौरव और ऐतिहासिक चेतना के साथ मनाया गया। समारोह में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ एवं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने विशेष मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि यह अत्यंत गौरव का विषय है कि समाज के युवा अपनी ऐतिहासिक धरोहर और संस्कृति को जीवित रखने के लिए ऐसे भव्य आयोजनों का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को आधुनिक तकनीक, शिक्षा और नई सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी जड़ों, परंपराओं और इतिहास से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। आधुनिकता और संस्कृति का संतुलन ही समाज को सशक्त और संगठित बनाएगा।
राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि एआई और तकनीकी युग में युवा पीढ़ी तेजी से बदलते परिवेश का हिस्सा बन रही है, ऐसे में अपनी संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत को संजोकर रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष, शौर्य और त्याग से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया के अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, मेड़ता विधायक लक्ष्मणाराम कलरू, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा तथा मारवाड़ राजपूत सभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से देखने को मिला।
