(हरिप्रसाद शर्मा)
जयपुर/स्मार्ट हलचल।राजधानी जयपुर में अजमेर रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान हंगामा हो गया। सोडाला थाना पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर आइकोनिक स्पा सेंटर में छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और “ऊपर तक पहुंच” होने की धमकी दी।
स्पा सेंटर में मिलीं छह युवतियां
पुलिस जांच के दौरान स्पा सेंटर में छह युवतियां और दो युवक मौजूद मिले। पुलिस ने युवतियों से पूछताछ की, लेकिन उनकी गरिमा का ध्यान रखते हुए आवश्यक हिदायत देकर उन्हें जाने दिया गया।
पुलिस से भिड़े आरोपी
पुलिस के मुताबिक जब दोनों युवकों से पूछताछ की गई तो वे भड़क गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि उनकी “ऊपर तक पहुंच” है और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दोनों को काबू कर हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम दास निवासी गोपालपुरा और शरीफ मोहम्मद निवासी मुहाना के रूप में हुई है।
स्पा सेंटर की गतिविधियों की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्पा सेंटर में संचालित गतिविधियों की भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधियों के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
