राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।देश के विभिन्न क्षेत्रों में जैन संत-संतियों के साथ घटित हो रही दुखद घटनाओं के विरोध एवं संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को कोटड़ी में सकल जैन समाज द्वारा मौन जुलूस निकाला गया। हालही में आर्थिका माताजी के साथ हुए दुर्घटना में असामयिक निधन से जैन समाज मे गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। समग्र जैन समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी एकजुटता प्रकट की। मौन जुलूस सदर बाजार स्थित जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ नेहरू नगर स्थित उपखंड कार्यालय पहुंचा जहां समाजजनों ने उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी पारस गोधा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जैन संतों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने तथा घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। मां जुलूस कार्यक्रम का नेतृत्व दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष नेमीचन्द पाटोदी एवं श्वेताम्बर समाज के अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा ने किया। इस दौरान दोनों समाजों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे। मोन जुलूस के दौरान समाजजन शीतल भवन पहुंचे जहां शीतल ज्योति साध्वी मणिप्रभा जी महाराज द्वारा दिवंगत साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा समाज को अहिंसा, संयम एवं एकता का संदेश दिया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
