एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता रोड/स्मार्ट हलचल।नागौरराजस्थान पेंशनर समाज की तहसील उपशाखा डेगाना ने आरजीएचएस योजना के तहत चिकित्सा सुविधाएं सुचारू रूप से नहीं मिलने पर गहरा आक्रोश जताया है। समाज की ओर से जारी प्रेस नोट में राज्य सरकार से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आरजीएचएस योजना से जुड़े अनुमोदित अस्पतालों और फार्मा स्टोर्स द्वारा पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को बिना रुकावट चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। इसके चलते बुजुर्ग पेंशनर्स को इलाज और दवाइयों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि 14 अप्रैल 2026 से बड़ी संख्या में पेंशनर्स को उपचार एवं दवा सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पेंशनर समाज ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में आ रही बाधाओं के कारण कई बुजुर्गों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ गए हैं। समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी पेंशनर के साथ चिकित्सा सुविधा के अभाव में कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
डेगाना में आयोजित बैठक में अध्यक्ष नारायणराम बूचा के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आरजीएचएस योजना में किसी प्रकार का बीमा मॉडल लागू नहीं करने, वर्तमान ओपीडी एवं आईपीडी व्यवस्था को यथावत बनाए रखने तथा योजना में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं करने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा पेंशनर्स ने 14 अप्रैल 2026 के बाद स्वयं खर्च कर करवाई गई चिकित्सा सुविधाओं की राशि का पूर्ण पुनर्भरण करने की मांग भी रखी। साथ ही अनुमोदित अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि पेंशनर्स को भविष्य में परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि बुजुर्गों के लिए चिकित्सा सुविधा अत्यंत संवेदनशील विषय है और सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए। बैठक में समाज के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे और सभी ने पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।