108 एंबुलेंस के बेस्ट पायलट प्रभु प्रजापत राज्य स्तर पर सम्मानित

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

राजस्थान सरकार द्वारा संचालित 108 जीवन वाहिनी एंबुलेंस सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पायलटों को पायलट दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। 108 इमरजेंसी डिपार्टमेंट, मेडिकल, पुलिस, फायर एवं जीवीके ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस जयपुर की ओर से भीलवाड़ा जिले के 108 एंबुलेंस पायलट प्रभु प्रजापत निवासी मांडल को जिला स्तर पर बेस्ट पायलट सम्मान से नवाजा गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा एवं स्टेट हेड मधुसूदन भोमिया, प्रोग्राम मैनेजर गौरव कुमार त्रिपाठी, जिला इंचार्ज ईएमई अनिल गोड़ तथा भूपेश शर्मा द्वारा प्रभु प्रजापत को स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रभु प्रजापत पिछले 10 वर्षों से निस्वार्थ भाव से 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत हैं। कोरोना महामारी, स्वाइन फ्लू, तेज बारिश, कड़ाके की सर्दी और भीषण गर्मी जैसी विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर कई लोगों की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई है।

एंबुलेंस की सायरन की आवाज केवल आवाज नहीं, बल्कि किसी मरीज की उम्मीद, किसी मां की दुआ और किसी परिवार की आखिरी आस होती है। जब पूरी दुनिया सो रही होती है, तब 108 एंबुलेंस कर्मी अनजान लोगों की जिंदगी बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ रहे होते हैं।

सम्मान मिलने पर क्षेत्रवासियों एवं साथियों ने प्रभु प्रजापत को शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा भाव और समर्पण की सराहना की।