शिव जांगिड़
लाडपुरा, 26 मई। स्मार्ट हलचल।क्षेत्र में रसोई गैस की सप्लाई में आ रही लगातार दिक्कतों के बीच अब गैस सिलेंडर का इंतजार ग्रामीणों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। भारत गैस की समयबद्ध डिलीवरी न होने और लगातार हो रही देरी से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। ग्रामीण अब प्रशासन और गैस एजेंसी से समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि करीब 25 दिन पहले भारत गैस शाहपुरा एजेंसी द्वारा मानपुरा से लाडपुरा में गैस की सप्लाई पहुंचाई गई थी। उसके बाद से ही उपभोक्ता पिछले 25 दिनों से अपनी रसोई गैस के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बुकिंग कराने के हफ्तों बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से कई घरों में चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने अब समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है ताकि इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
मांडलगढ़ में HP गैस का भी बुरा हाल, 45 दिन का लंबा इंतजार
गैस संकट की यह कहानी केवल भारत गैस तक ही सीमित नहीं है। लाडपुरा के एक अन्य उपभोक्ता ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि मांडलगढ़ क्षेत्र में एचपी (HP) गैस की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। यहाँ अगला सिलेंडर पूरे 45 दिन बीत जाने के बाद ही बुक हो पा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बड़े परिवारों के लिए एक महीने में एक सिलेंडर भी अपर्याप्त होता है, ऐसे में 45 दिनों के लंबे अंतराल के कारण उनके सामने भोजन पकाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
लगातार बाधित हो रही रसोई गैस की आपूर्ति ने ग्रामीण इलाकों में गृहणियों का बजट और मानसिक शांति दोनों बिगाड़ दी है। लाडपुरा और आस-पास के ग्रामीणों ने गैस एजेंसियों के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि बुकिंग की प्रक्रिया को सुधारा जाए और बुकिंग के अधिकतम 2-3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी अनिवार्य रूप से की जाए।
