मॉडल स्कूल आसींद ने रचा इतिहास, NMMS परीक्षा में 18 विद्यार्थियों का चयन

राजस्थान में एक विद्यालय से सर्वाधिक चयन, 7 साल में 80 विद्यार्थियों ने पाई सफलता

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, आसींद ने नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्थान में नया रिकॉर्ड बना दिया। विद्यालय से इस वर्ष 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो प्रदेश में किसी एक विद्यालय से सर्वाधिक चयन माना जा रहा है।
प्रधानाचार्य डॉ. तुलसीराम कुमावत ने बताया कि छात्रा चंदा कुमावत ने 141 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय पिछले सात वर्षों से लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है और अब तक कुल 80 विद्यार्थियों का चयन करवा चुका है।
आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाओं को मिलेगा सहारा
एनएमएमएस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाती है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है।
शिक्षकों की मेहनत लाई रंग
इस सफलता के पीछे विद्यालय के शिक्षकों की विशेष मेहनत रही। शिक्षक सुरेशचंद्र पुरोहित ने जुलाई माह से ही अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर विद्यार्थियों को तैयारी करवाई। उनके साथ डॉ. विकास टेलर, महावीर प्रसाद रैगर, संजय कुमार, रामसिंह एवं रामस्वरूप जोशी ने भी मार्गदर्शन दिया।
ये विद्यार्थी हुए चयनित
आयुषी साहू, आदर्शिनी टेलर, अनीता साहू, अनुसूया कुमावत, चंचल रैगर, चंदा कुमावत, दीपिका राजावत, दिव्या गुर्जर, दिव्या कुमावत, हंसु कुमावत, हर्षिता शर्मा, इशिका साहू, कोमल रेबारी, कृष्णा रेबारी, लक्ष्यराज सिंह सोलंकी, माही बोर्दिया, प्रदीप माली एवं रिंकू प्रजापत।
परीक्षा परिणाम घोषित होने पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अर्जुनलाल बुनकर ने विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे आसींद क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।