केसरियाजी में पहली बार सजेगा “मेवाड़ महा महोत्सव”, सामूहिक विवाह और विराट परिचय सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज

( महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।उदयपुर मेवाड़ की पावन और धार्मिक नगरी केसरियाजी महातीर्थ इस जून माह ऐतिहासिक सामाजिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। श्री सकल जैन संघ मेवाड़, राजस्थान के तत्वावधान में 26 से 29 जून 2026 तक “मेवाड़ महा महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस आयोजन में सामूहिक विवाह सम्मेलन, विराट युवक-युवती परिचय सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन मुख्य आकर्षण रहेंगे।
आयोजन को लेकर समाजजनों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का दावा है कि केसरियाजी महातीर्थ पर पहली बार इतने बड़े स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगम देखने को मिलेगा, जहां देशभर से जैन समाज के परिवार जुटेंगे।
26 जून से होगा शुभारंभ:-
महोत्सव की शुरुआत 26 जून को कार्यालय उद्घाटन के साथ होगी। इसके बाद 27 जून को विनायक स्थापना, सामूहिक पूजा-अभिषेक, शांति धारा, हल्दी रस्म, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात को भव्य संगीत संध्या और मेहंदी कार्यक्रम भी होंगे।
निकलेगी भव्य बारात, होंगे सामूहिक पाणिग्रहण संस्कार:-
28 जून को सामूहिक सामायिक, मायरा कार्यक्रम, भामाशाह एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके बाद भव्य बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी और सामूहिक पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले वर-वधू पक्ष को 51-51 हजार रुपए सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी।
29 जून को होगा विराट परिचय सम्मेलन:-
29 जून पूर्णिमा के दिन विराट युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें अविवाहित, विधवा, विधुर, तलाकशुदा और दिव्यांग युवक-युवतियां भी भाग ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य समाज में रिश्तों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को संगठित मंच उपलब्ध कराना है।
परिचय सम्मेलन के लिए युवक का पंजीयन शुल्क 1000 रुपए और युवती का 500 रुपए निर्धारित किया गया है।
समाज को जोड़ने का अभियान:-
आयोजन समिति का कहना है कि “मेवाड़ महा महोत्सव” केवल विवाह सम्मेलन नहीं, बल्कि संस्कार, संगठन, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का अभियान है।
आयोजन संयोजक भूपेंद्र बालावत और संपर्क सूत्र तेजमल जैन ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज को नई दिशा देने के साथ युवाओं को जोड़ने का भी बड़ा माध्यम बनेगा।