“जीरो कैजुअल्टी” लक्ष्य के साथ काम करें विभाग, अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड और कूल रूम तत्काल शुरू करने के आदेश
भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल।जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू-तापघात के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने मंगलवार को आरओ पॉल्यूशन कार्यालय में संबंधित विभागों की आपात बैठक लेकर सभी अधिकारियों को गर्मी से बचाव के लिए तत्काल प्रभाव से व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ “जीरो कैजुअल्टी” लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य करें, ताकि भीषण गर्मी के दौरान किसी प्रकार की जनहानि न हो।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड होंगे सक्रिय
कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा को निर्देश दिए कि जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी एवं जिला अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड और कूल रूम तत्काल प्रभाव से शुरू किए जाएं। साथ ही ORS पैकेट, आईवी फ्लूड और जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा लू-तापघात से प्रभावित मरीजों का प्राथमिकता से उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
बस स्टैंड, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष व्यवस्था
नगर निगम आयुक्त हेमाराम को शहर के मुख्य बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर छाया, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं हो
जिला कलेक्टर ने जलदाय विभाग को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को गर्मी के दौरान पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी। प्रशासन ने आमजन से भी दोपहर के समय अनावश्यक बाहर नहीं निकलने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
