एनएमएमएस छात्रवृत्ति में फुलिया कलां की आरजू मंसूरी व कृष्णा बैरवा का चयन…

शाहपुरा@(किशन वैष्णव)राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय फूलियाकलां की छात्राओं ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा आरजू मंसूरी एवं कृष्णा बैरवा का चयन नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप योजना (एनएमएमएस) में हुआ है।
विद्यालय के प्राचार्य शंकर लाल जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने हेतु दी जाती है। चयनित छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष ₹12 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार दोनों छात्राओं को चार वर्षों में कुल ₹48 हजार की छात्रवृत्ति राशि प्राप्त होगी।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय स्टाफ ने चयनित छात्राओं का अभिनंदन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि छात्राओं की मेहनत, लगन एवं नियमित अध्ययन का यह परिणाम है, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।