पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर में बैंकों, बड़े मंदिरों और स्कूलों में बम होने की सूचना मिलने के बाद भीलवाड़ा पुलिस हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। सूचना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। संवेदनशील स्थानों पर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है, जिससे आमजन में भी हलचल का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के प्रमुख बैंक, बड़े मंदिरों और स्कूल परिसरों में जांच अभियान चला रही हैं। पुलिस मेटल डिटेक्टर की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच कर रही है, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
गांधीनगर थाने के एएसआई सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। सूचना मिली थी कि बैंक, बड़े मंदिरों और स्कूलों में विस्फोटक सामग्री हो सकती है। इसके बाद सभी टीमों को तत्काल अलर्ट कर संवेदनशील स्थानों पर जांच के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस की दो से तीन टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन कर रही हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।
