अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत आज ब्यावर में पशुपालन विभाग द्वारा बड़े स्तर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत श्री तिजारती चैंबर सर्राफा गौशाला में भव्य गौ-पूजन के साथ होगी, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्रीमान शंकर सिंह जी रावत एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
पशुपालन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गौ-पूजन के पश्चात गौशाला परिसर में व्यापक स्तर पर श्रमदान कर साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में ही एक विशेष पशु चिकित्सा शिविर का भी आयोजन होगा।
जल संरक्षण पर मंथन और संगोष्ठी
अभियान के मुख्य उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गौशाला परिसर में ही प्रबुद्धजनों की एक विशेष संगोष्ठी (सेमिनार) आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के बुद्धिजीवी, पर्यावरण प्रेमी और आम नागरिक पानी की एक-एक बूंद को सहेजने और जल संरक्षण के उपायों पर चर्चा करेंगे। विभाग ने सभी प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे इस संगोष्ठी में भाग लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें।
पशु चिकित्सालय में निःशुल्क रेबीज टीकाकरण
इसी अभियान की कड़ी में, ब्यावर के बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय में आज प्रातः 8:00 बजे से एक विशाल निःशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर की शुरुआत हो चुकी है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि रेबीज़ एक बेहद जानलेवा और घातक बीमारी है, जो संक्रमित कुत्ते, बिल्ली या जंगली जानवरों के काटने से इंसानों और अन्य पशुओं में फैलती है। इससे बचाव का एकमात्र जरिया समय पर टीकाकरण ही है।
पशुपालन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने ब्यावर के सभी जागरूक पशुप्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे भारी संख्या में इस शिविर का लाभ उठाएं और अपने पालतू कुत्तों व बिल्लियों का टीकाकरण करवाकर उन्हें सुरक्षित करें।
