अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल।देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (PCC) जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उन्होंने नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने चुनाव आयोग, न्यायपालिका, बंगाल चुनाव, लोकतंत्र और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एसआईआर मामले में सुप्रीम कोर्ट से चुनाव आयोग को मिली राहत पर सवाल उठते हैं, क्योंकि बंगाल में 27 लाख मतदाताओं के मुद्दे का समाधान होने तक चुनाव स्थगित किए जाने चाहिए थे।
गहलोत ने आरोप लगाया कि आज चुनाव आयोग भाजपा और मोदी सरकार के विभाग की तरह काम कर रहा है, वहीं न्यायपालिका भी दबाव में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी किसी जज को फोन नहीं किया, जबकि आज न्यायपालिका पर दबाव बनाने की बातें सामने आती हैं।
बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि अगर वहां जैसी चुनावी परिस्थितियां देशभर में बनने लगीं तो लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। उन्होंने टीएमसी और माकपा कार्यकर्ताओं को “लड़ाका” बताते हुए कहा कि हर राज्य में ऐसी राजनीतिक परिस्थितियां नहीं हैं।
इसके साथ ही गहलोत ने उड़ान योजना को दोबारा लागू करने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए सेनेटरी नैपकिन योजना बेहद जरूरी है। वहीं सिलिकोसिस बीमारी को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्रों में मजदूर बड़ी संख्या में प्रभावित होते हैं और उनकी सरकार ने इस बीमारी को लेकर जांच करवाकर राहत पैकेज शुरू किए थे।
