नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास नाकाम, निगम दस्ते ने मौके पर पहुंचकर हटाया निर्माण

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।शहर के उपनगर पुर क्षेत्र स्थित पातोला महादेवपुर में नगर निगम की कीमती भूमि पर अवैध चबूतरा निर्माण कर अतिक्रमण करने के प्रयास को निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विफल कर दिया।
जानकारी के अनुसार कुछ व्यक्तियों द्वारा निगम की जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अतिक्रमण प्रभारी मुकेश शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान होमगार्ड इंचार्ज जोरावर सिंह एवं टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।